Breaking News

इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू, 15 सितंबर तक विद्यार्थी करा सकेंगे ऑनलाइन नामांकन

अंबेडकरनगर जिले के माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए इंस्पायर अवार्ड मानक योजना 2026-27 के तहत ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया 15 जुलाई से शुरू हो गई है। यह अभियान 15 सितंबर 2026 तक जारी रहेगा।

जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी विद्यालयों को अधिक से अधिक योग्य विद्यार्थियों का नामांकन कराने के निर्देश दिए हैं। योजना के तहत प्रत्येक विद्यालय अपने पांच सर्वश्रेष्ठ मौलिक और नवाचारी विचारों का चयन कर ई-एमआईएएस (e-MIAS) पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करेगा।

विद्यार्थियों को नवाचार के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से विद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाने, प्रार्थना सभाओं और नोटिस बोर्ड के माध्यम से जानकारी देने तथा आइडिया बॉक्स स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

विद्यालय स्तर पर आयोजित विचार प्रतियोगिता में मौलिकता, नवीनता, सामाजिक उपयोगिता, पर्यावरण संरक्षण और व्यवहारिकता जैसे मानकों के आधार पर श्रेष्ठ पांच प्रस्तावों का चयन किया जाएगा। साथ ही यू-डाइस कोड, बैंक खाते, आईएफएससी कोड और अन्य आवश्यक विवरण सही तरीके से दर्ज करने पर विशेष जोर दिया गया है, ताकि आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि न हो।

इसके अलावा विज्ञान क्लब, गणित क्लब, ईको क्लब और विषय विशेषज्ञों के सहयोग से कार्यशालाएं आयोजित कर विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार की भावना विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान की प्रगति की नियमित निगरानी के लिए एक पर्यवेक्षण अधिकारी भी नियुक्त किया गया है, जो प्रतिदिन की रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराएंगे।

Check Also

शाहजहांपुर टोल प्लाजा पर बारातियों का बवाल, तोड़फोड़ और मारपीट में दो घायल

शाहजहांपुर में एक टोल प्लाजा पर बारात के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि वहां …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *