Breaking News

यूपी बीजेपी: यूपी भाजपा ने एससी मोर्चा को 10 लाख लोगों को शामिल करने का लक्ष्य दिया

 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि पार्टी के सदस्यता अभियान के तहत अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के प्रत्येक घर तक पहुंचना है। एससी मोर्चा को प्रदेश मेंं 10 लाख सदस्य बनाकर भाजपा के साथ जोड़ना है। केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा किए गए अनुसूचित वर्ग के सामाजिक व आर्थिक सशक्तीकरण की जानकारी को भी उनके बीच पहुंचाना है। वह शुक्रवार को भागीदारी भवन में अनुसूचित जाति मोर्चा सदस्यता अभियान की प्रदेश कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि मिस्ड कॉल, क्यूआर कोड, डिजिटल तथा सीधे संपर्क से भाजपा के सदस्य बन सकते हैं। मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा कि पहले भी बस्ती संपर्क के माध्यम से घर-घर संपर्क किया गया था। इस बार मोर्चा बौद्ध मठों, बौद्ध बिहारों, रविदास व बाल्मीकि मंदिरों सहित सभी धार्मिक, सामाजिक केंद्रों पर भी पहुंचेगा।

मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रामचन्द्र कनौजिया ने कहा कि सपा और कांग्रेस ने अनुसूचित जाति वर्ग को हमेशा ठगने तथा अपमानित करने का काम किया है। भाजपा सरकार में कोई अनुसूचित जाति वर्ग सहित किसी भी वर्ग को प्रताड़ित करने, संपत्तियों पर कब्जे करने तथा बहन-बेटियों को बुरी नजर से देखने की हिम्मत नहीं कर सकता।

 

 

इस अवसर पर मंत्री बेबी रानी मौर्य, असीम अरुण, गुलाब देवी, विजय लक्ष्मी गौतम, दिनेश खटीक, प्रदेश उपाध्यक्ष देवेश कोरी, प्रदेश महामंत्री प्रियंका रावत, प्रदेश मंत्री डीपी भारती, पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर, पूर्व मंत्री रमापति शास्त्री, पूर्व सांसद विनोद सोनकर उपस्थित रहे।

Check Also

चंद्रबाबू नायडू का भरोसा, पीएम मोदी के नेतृत्व में 2047 तक विकसित राष्ट्र बनेगा भारत

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *