Breaking News

बिना वैध कागजात सीमा पार करने की कोशिश, भारत-नेपाल बॉर्डर पर अमेरिकी नागरिक पकड़ा गया

उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने एक अमेरिकी नागरिक को बिना वैध यात्रा दस्तावेजों के नेपाल में प्रवेश करने की कोशिश करते हुए हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई सोनौली थाना क्षेत्र के मैनिहवा इलाके में नियमित गश्त के दौरान की गई।

पूछताछ में व्यक्ति ने अपनी पहचान 36 वर्षीय जॉर्डन ब्राउन, निवासी कैलिफोर्निया (अमेरिका) के रूप में बताई। प्रारंभिक जांच में उसके पास कोई वैध पासपोर्ट, वीजा या अन्य यात्रा संबंधी दस्तावेज नहीं मिले।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान जॉर्डन ब्राउन ने दावा किया कि वह पहले पर्यटन वीजा पर थाईलैंड गया था, जहां उसका पासपोर्ट खो गया। इसके बाद वह समुद्री मार्ग से श्रीलंका पहुंचा और वर्ष 2025 में भारत में प्रवेश कर गया। उसने यह भी बताया कि वह पिछले कई महीनों से गोवा में रह रहा था और बाद में नेपाल जाने की कोशिश कर रहा था।

महाराजगंज पुलिस का कहना है कि आरोपी द्वारा किए गए सभी दावों का सत्यापन किया जा रहा है। फिलहाल उसके खिलाफ बिना वैध दस्तावेजों के भारत में प्रवेश और यात्रा संबंधी नियमों के उल्लंघन के आरोप में संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस और अन्य एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि वह भारत में इतने समय तक कैसे रहा और उसके यात्रा संबंधी दावों में कितनी सच्चाई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Check Also

पूर्व अग्निवीरों को भर्ती में बड़ी सौगात, CAPFs और असम राइफल्स में नई श्रेणी के साथ विशेष रियायतें लागू

पूर्व अग्निवीरों के लिए केंद्र सरकार ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPFs) और असम राइफल्स …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *