कानपुर में रविवार को भीषण गर्मी और उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। दिन के समय तेज धूप और हवा न चलने के कारण तापमान ऊंचा बना रहा, जबकि वातावरण में नमी अधिक होने से लोगों को भारी उमस का सामना करना पड़ा। हालांकि रात होते-होते मौसम ने करवट ली और शहर के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने से लोगों को राहत मिली।
सुबह हल्के बादल छाए रहने के बावजूद दोपहर तक आसमान साफ हो गया और तेज धूप निकल आई। बढ़ती गर्मी के चलते लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। सड़कों पर निकलने वाले अधिकांश लोग धूप और गर्मी से बचने के लिए सिर और चेहरा ढककर सफर करते दिखाई दिए।
शाम के बाद मौसम में अचानक बदलाव आया। रात करीब 8 बजे शहर के कई हिस्सों में तेज हवाएं चलने लगीं और इसके बाद बारिश शुरू हो गई। कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई, जबकि कई जगह अच्छी बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई और उमस से काफी राहत महसूस हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिक नमी के कारण पूरे दिन उमस बनी रही, जिससे लोगों को असहजता का सामना करना पड़ा।
भीषण गर्मी का असर बस अड्डों और रेलवे स्टेशन पर भी देखने को मिला। यात्रा का इंतजार कर रहे लोग पसीने से परेशान नजर आए और ठंडे पेय व पानी की दुकानों पर भी अच्छी-खासी भीड़ रही।
मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि 8 जुलाई तक कानपुर और आसपास के क्षेत्रों में मौसम का यही रुख बना रह सकता है। इस दौरान रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर आंधी की संभावना है। हालांकि दिन में धूप निकलने के कारण उमस का असर पूरी तरह खत्म होने की संभावना कम है।
Aaina Express
