बागपत में एडिशनल एसपी प्रवीण सिंह चौहान ने शुक्रवार और शनिवार की मध्य रात्रि को कोतवाली क्षेत्र स्थित अंतरराज्यीय निवाड़ा पुलिस चौकी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चौकी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एएसपी ने चौकी कार्यालय के अभिलेखों और रजिस्टरों की जांच की। साथ ही परिसर की साफ-सफाई, रिकॉर्ड संधारण और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
इसके बाद निवाड़ा बैरियर पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच कराई गई। एएसपी ने विशेष रूप से हरियाणा की ओर से आने वाले वाहनों को रुकवाकर उनकी तलाशी ली और पुलिस टीम को सतर्कता के साथ नियमित चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिसकर्मियों से कहा कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए प्रभावी अभियान चलाने पर जोर दिया। अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी और चेकिंग अभियान जारी रखने के निर्देश दिए।
Aaina Express
