रामपुर में बुधवार और गुरुवार की मध्य रात्रि आई तेज आंधी ने जिले की बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। लगभग आधे घंटे तक करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं के कारण शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
तेज आंधी के चलते कई जगह पेड़ जड़ से उखड़ गए और कुछ पेड़ गिरकर सीधे बिजली के पोल और तारों पर जा गिरे। इससे कई विद्युत पोल टूट गए और लाइनों को भारी नुकसान पहुंचा। टहनियों के गिरने से भी कई स्थानों पर तार क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई।
इसका असर रामपुर शहर के साथ-साथ मिलक, शाहाबाद, बिलासपुर, स्वार, टांडा और चमरोआ जैसे क्षेत्रों में भी देखने को मिला। कई इलाकों में देर रात से ही बिजली गुल रही और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बिजली विभाग ने स्थिति बिगड़ते ही मरम्मत कार्य शुरू कर दिया। शहरी और कस्बाई क्षेत्रों में सुबह तक काफी हद तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई, हालांकि कुछ इलाकों में अभी भी सप्लाई पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाई है।
ग्रामीण क्षेत्रों में मरम्मत कार्य अभी भी जारी है। विभाग की टीमें रात से ही फील्ड में मौजूद हैं और टूटे हुए पोल बदलने, गिरे हुए पेड़ों की टहनियां हटाने और क्षतिग्रस्त तारों की मरम्मत में जुटी हुई हैं। कई जगहों पर नुकसान अधिक होने के कारण काम में समय लग रहा है।
विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार आंधी के दौरान इस तरह की स्थिति अक्सर उत्पन्न हो जाती है। विभाग का कहना है कि जैसे ही मौसम सामान्य हुआ, तुरंत फील्ड टीमें राहत कार्य में लग गईं।
अधिकारियों ने बताया कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में अधिकांश जगह बिजली बहाल कर दी गई है, लेकिन मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा कारणों से बीच-बीच में सप्लाई बंद करनी पड़ रही है। ग्रामीण इलाकों में भी तेजी से काम चल रहा है और जल्द ही पूरी व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी।
Aaina Express
