गोंडा जिले में उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) का दूसरा दिन शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुआ। जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर प्रथम पाली में 8,016 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं।
परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की त्रिस्तरीय जांच की गई। पुरुष अभ्यर्थियों की जांच मेटल डिटेक्टर के माध्यम से पुरुष पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों ने की, जबकि महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों द्वारा की गई। बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति दी गई।
प्रशासन की ओर से अभ्यर्थियों को केवल प्रवेश पत्र, आधार कार्ड, पेन और आवश्यक नकदी साथ लाने की अनुमति दी गई। इसके अलावा किसी अन्य वस्तु को परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं थी। धार्मिक आस्था से जुड़े सामान को लेकर भी अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी गई।
परीक्षा की निगरानी के लिए 18 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 18 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। साथ ही 1,000 से अधिक कक्ष निरीक्षक और 500 से अधिक पुलिसकर्मी सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने में लगाए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र ने बताया कि परीक्षा सभी केंद्रों पर निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित की जा रही है। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं। वहीं डीआईजी अशोक कुमार शुक्ल भी परीक्षा केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
Aaina Express
