Breaking News

Agra : जिला अस्पताल में दाल में कीड़े निकलने पर हंगामा, तीमारदार महिलाओं ने शिकायत की, चार को नोटिस भेजा

 

ताजनगरी आगरा के जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को दी जाने वाली दाल में कीड़े निकलने के आरोप लगाते हुए तीमारदार महिलाओं ने हंगामा काटा। तीमारदार महिलाओं ने चिकित्सा अधीक्षक से शिकायत की, जिस पर दाल फिंकवाई गई और चार को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है।

मंगलवार दोपहर साईं की तकिया स्थित जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को खाना दिया गया। दाल रोटी और सब्जी की डाइट में दाल में कीड़े तैरते हुए देखे। तीमारदार महिलाओं का आरोप है कि दाल में कीड़े थे।

वह जली हुई रोटियां और दाल लेकर प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक राजेंद्र कुमार अरोरा के पास पहुंचीं और हंगामा काटा। उन्होंने महिलाओं को इस मामले में उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। बाद में दाल को फिंकवा दिया गया।

प्राइवेट कंपनी करती है खाने की सप्लाई

जिला अस्पताल में एक निजी कंपनी मरीजों के लिए भोजन सप्लाई करती है। इस कंपनी के कर्मचारी जिला अस्पताल में ही भोजन बनाते हैं और फिर मरीज को देते हैं, लेकिन इस भोजन को देने से पहले जिला अस्पताल की डाइटिशियन एवं अन्य अधिकारी इस भोजन की जांच करते हैं। निजी कंपनी के कर्मचारियों ने वार्डों में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों को यह खाना दिया था, जिसके बाद दाल में कीड़े निकलने पर हंगामा हुआ।

कई तीमारदार घर से मंगवाते हैं

जिला अस्पताल के एनआरसी वार्ड में छोटे बच्चे भर्ती होते हैं। यहां तीमारदार संगीता और रेनू ने बताया कि जली हुई रोटियां खाने में मिलती हैं तो सब्जी और दाल बेहद खराब होती है। यहां का खाना खराब है, इसलिए घर से ही मंगवाते हैं। दाल में कीड़े देखकर अधिकारियों को बताना जरूरी समझा।

कारण बताओ नोटिस जारी

प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेंद्र कुमार अरोड़ा ने बताया कि कुछ महिलाएं दाल में कीड़े निकलने की शिकायत लेकर आई थीं। उन्होंने डाइटीशियन, दो कुक और भोजन सप्लाई करने वाली कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। उनका जवाब मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। दाल का स्टॉक हटवा दिया गया है।

Check Also

कानून व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए हापुड़ में दरोगाओं का ट्रांसफर, कई थानों में नई तैनाती

  हापुड़ जिले में पुलिस प्रशासन ने कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *