कभी न भूलने वाला एहसास है। आगरा का ताज। जैसा सुना था, उससे कहीं ज्यादा सुंदर है ताजमहल। रात में इसका दीदार और दीवाना बना देता है। मन करता है, बस…इसे देखते ही रहे। आसपास के लोग अगर माहौल को शांत रखें तो इसमें खो जाने को दिल करता है।
.
पानी के प्रतिबिंब में इसको देखकर इसके तामीर होने की प्रेम कहानी को महसूस किया जा सकता है। संगमरमरी इस इमारत को पहली बार देखा…तो लगा, इसे देखने बार-बार आएं।
इतने खूबसूरत एहसास के साथ मलाल सिर्फ एक रहा। वो ये कि हमें समय कम मिला। यह कहना है वेस्ट बंगाल के सिलीगुड़ी से आईं शोमा का।
दर्शक बोलीं- आधे से ज्यादा समय सिक्योरिटी चेक में गया ताजमहल के रात में दर्शन के बाद दैनिक भास्कर से बातचीत में उन्होंने कहा कि 1284 किमी का सफर तय करके वे अपने परिवार के साथ रात में ताजमहल देखने यहां पहुंची हैं। लेकिन ताजमहल देखने से ज्यादा उनका समय सिक्योरिटी चेक में बीता।
अगर सिक्योरिटी चेक की प्रोसेस पहले ही पूरा कर लिया जाता तो उन्हें ताजमहल में पहले से तय समय यानी 30 मिनट गुजारने का मौका मिलता। इसको दोगुना महसूस करते।
दरअसल, शोमा मंगलवा को अपने परिवार के साथ ताजमहल के रात्रि दर्शन को आईं थीं। उनका पहला स्लॉट था। यानि रात 8 से 8.30 बजे तक। उन्हें सिक्योरिटी चेक के लिए शिल्पग्राम पर 7.30 बजे पहुंचने के लिए कहा गया था। मगर, यहीं उन्हें चेकिंग प्रोसेस में ही लेट कर दिया गया।
यहां सिक्योरिटी चेक के बाद ताजमहल के पूर्वी गेट पर भी चेकिंग में उनका समय लगा। इस तरह से वे रात में 8.15 बजे ताजमहल में पहुंची। 10 मिनट रुके ही थे, कि रात 8.25 बजे उन्हें बाहर जाने के लिए कहा गया। इससे शोमा सहित उनके स्लाॅट के सभी पर्यटक मायूस लौटे।
सभी स्लॉट फुल 15 से 19 अक्टूबर तक रात में ताजमहल देख सकेंगे। पहले दिन यानि 15 अक्टूबर को रात 8 से 12 बजे तक के सभी 8 स्लॉट फुल थे। 15, 16 और 17 अक्टूबर को ताजमहल के रात में दीदार के लिए सभी टिकट बिक चुके हैं। मंगलवार को सभी स्लॉट फुल रहे।
30 मिनट के लिए 510 रुपए भारतीयों को देने होंगे रात 8 से 12 बजे तक 30-30 मिनट के 8 स्लॉट में पर्यटक ताजमहल का दीदार कर सकते हैं। इसके लिए भारतीय पर्यटकों को 510 रुपए और विदेशी पर्यटकों को 750 रुपए का टिकट खरीदना होता है। हर स्लॉट में पर्यटकों को 50-50 के ग्रुप में प्रवेश दिया जाएगा।
एक दिन में अधिकतम 400 पर्यटक ही रात में ताज का दीदार कर सकते हैं। ऑनलाइन इस बार 15 से 17 अक्टूबर के बीच सभी स्लॉट में ताजमहल के टिकट बुक हो चुके हैं। 18 अक्टूबर को शुक्रवार के कारण बंद रहेगा।
इस बार शरद पूर्णिमा 16 अक्टूबर की है, लेकिन ASI के रिकॉर्ड के मुताबिक, 17 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर पूर्णिमा से दो दिन पहले और दो दिन बाद मिलाकर कुल पांच दिनों के लिए रात में 8 से 12 बजे तक 8 स्लॉट में ताजमहल का दीदार किया जा सकता है।