Breaking News

कई राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, मुंबई के लिए रेड अलर्ट, यूपी-दिल्ली में भी बरसेंगे बादल

देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून सक्रिय बना हुआ है और कई राज्यों में लगातार बारिश हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, राजस्थान और केरल सहित कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की संभावना जताई है। कुछ क्षेत्रों में 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मध्यम से तेज बारिश का अनुमान है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है।

उत्तर प्रदेश में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। बांदा, चित्रकूट, सोनभद्र, महोबा, झांसी और ललितपुर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 3 और 4 जुलाई को बुंदेलखंड और विंध्य क्षेत्र में बारिश अधिक सक्रिय रहेगी, जबकि 5 जुलाई से प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी वर्षा की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

हाल के बारिश के आंकड़ों में मिर्जापुर के चुनार में सबसे अधिक 120 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि आजमगढ़ में 114.6 मिमी, संभल में 104 मिमी, बिजनौर में 62 मिमी और वाराणसी में 54.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा लखीमपुर खीरी, सुल्तानपुर और कई अन्य जिलों में भी अच्छी बारिश हुई।

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई इलाकों में 150 से 200 मिमी तक वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे और पालघर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की गई है।

इसके अलावा राजस्थान के पूर्वी हिस्सों, पंजाब और हरियाणा में भी भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। वहीं पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और सिक्किम में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और जलभराव का खतरा भी बना हुआ है।

Check Also

विजयवर्गीय का संदेश— विस्तार के साथ समाज के लिए बेहतर लोगों को तैयार करना भी अहम

Kailash Vijayvargiya ने एक कार्यक्रम के दौरान संगठन, सामाजिक सोच और सार्वजनिक जीवन को लेकर अपनी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *