उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath शुक्रवार को देवरिया दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे भीमपुर गौरा के पास पोखरभिंडा में आयोजित जनसभा में जिले को करीब 655.45 करोड़ रुपये की 19 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें 116.54 करोड़ रुपये की 8 परियोजनाओं का उद्घाटन और 538.91 करोड़ रुपये की 11 नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी।
मुख्यमंत्री सुबह लगभग 10:25 बजे हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रशासन ने आयोजन स्थल पर बड़े स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली हैं। सभा के लिए तीन बड़े जर्मन हैंगर पंडाल बनाए गए हैं ताकि लोगों को गर्मी से राहत मिल सके।
भीषण गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री की सुरक्षा और सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। हेलीपैड से मंच तक आने-जाने के दौरान उनके साथ छाता लेकर चलने के लिए एक दारोगा की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस लाइन से इसके लिए खास छाते की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, पार्किंग, बैरिकेडिंग और यातायात व्यवस्था को भी अंतिम रूप दे दिया गया है।
देवरिया-कसया मार्ग चौड़ीकरण सबसे बड़ी परियोजना
मुख्यमंत्री जिन परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे, उनमें 292.07 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला देवरिया-कसया मार्ग चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य सबसे प्रमुख माना जा रहा है। इसके अलावा देवरिया-हाटा मार्ग के विस्तार और मजबूतीकरण पर 74.47 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसके साथ ही सोन्हुआ रामनगर-देसही देवरिया मार्ग, हेतिमपुर संपर्क मार्ग पर नए पुल निर्माण और बघौचघाट-पकहां मार्ग स्थित खनुआ नाला पर समानांतर पुल निर्माण कार्य की भी शुरुआत होगी। पिपरपाती-पड़री मल्ल-राउतपार-बैकुंठपुर-मधवापुर मार्ग, बैकुंठपुर-नूनखार मार्ग और भिखमपुर-देवरिया-करहकोल मार्ग के चौड़ीकरण कार्य भी शुरू किए जाएंगे।
सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन
मुख्यमंत्री जिन योजनाओं का उद्घाटन करेंगे, उनमें महुआडीह पुलिस थाना का नया प्रशासनिक भवन, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का शैक्षणिक ब्लॉक और छात्रावास भवन प्रमुख हैं।
डिघवा पौटवा स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान का भी उद्घाटन किया जाएगा। इसके अलावा खुखुंदू-नूनखार-भटनी मार्ग और भटनी-बलुआ अफगान मार्ग चौड़ीकरण परियोजनाओं को भी जनता को समर्पित किया जाएगा। देवरिया सदर स्थित पशु चिकित्सालय में आधुनिक वेटेनरी क्लीनिक का उद्घाटन भी कार्यक्रम का हिस्सा रहेगा, जिससे पशुपालकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।
पथरदेवा क्षेत्र को सबसे अधिक परियोजनाएं
पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र को कुल 475.10 करोड़ रुपये की 8 परियोजनाओं की सौगात मिलेगी। इनमें 25.86 करोड़ रुपये की 3 परियोजनाओं का उद्घाटन और 449.24 करोड़ रुपये की 5 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। सड़क चौड़ीकरण, संपर्क मार्गों के विकास और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है।
रामपुर कारखाना और देवरिया सदर को भी मिलेगा लाभ
रामपुर कारखाना विधानसभा क्षेत्र में 82.94 करोड़ रुपये की 4 परियोजनाएं शुरू होंगी। इनमें 66.55 करोड़ रुपये की 2 परियोजनाओं का उद्घाटन और 16.39 करोड़ रुपये की 2 योजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।
वहीं देवरिया विधानसभा क्षेत्र में 97.41 करोड़ रुपये की 7 विकास परियोजनाओं की घोषणा होगी। इनमें सड़क चौड़ीकरण, संपर्क मार्गों के सुधार और सरकारी भवनों के निर्माण कार्य शामिल हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। कार्यक्रम स्थल पर बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा इकाइयों ने जांच अभियान चलाया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए कई जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है।
सिद्धार्थनगर और कुशीनगर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा कई जिलों से क्षेत्राधिकारी स्तर के अफसरों को भी ड्यूटी पर लगाया गया है। गैर जनपद से 12 इंस्पेक्टर सहित करीब 250 पुलिसकर्मी बुलाए गए हैं, जबकि जिले से भी लगभग 750 पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए हैं।
Aaina Express
