गोरखपुर में पुलिस ने एक व्यापारी से हुई छिनैती के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 9 अप्रैल की है, जब मुंबई से आए एक कारोबारी से दिनदहाड़े बैग छीनकर फरार हो गए थे।
जानकारी के मुताबिक, Mumbai के रहने वाले व्यापारी कुमार पाल लोढ़ा काम के सिलसिले में Siwan से गोरखपुर पहुंचे थे। अपना काम पूरा करने के बाद वे शाम के समय ई-रिक्शा से रेलवे स्टेशन जा रहे थे। रास्ते में सिविल लाइंस क्षेत्र में एक अतिथि भवन के पास वे वाशरूम जाने के लिए रिक्शे से उतर गए।
इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और रिक्शे में रखा उनका बैग छीनकर भाग निकले। बैग में करीब 2 लाख 70 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन था। पीड़ित ने उनका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान की गई।
रविवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान बेलघाट क्षेत्र के लालजी निषाद और संतकबीर नगर जिले के राजेंद्र प्रसाद के रूप में हुई है। उनके कब्जे से 70 हजार रुपये और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी लालजी निषाद का आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर हत्या, लूट, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस बाकी रकम और मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
Aaina Express
