Breaking News

गोरखपुर में बारिश ने किसानों की फसल को पहुंचाया नुकसान, प्रशासन करेगा सर्वे, मिलेगा मुआवजा

गोरखपुर में बुधवार को हुई बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इस समय जब खेतों में गेहूं की कटाई का काम चल रहा है, अचानक आए खराब मौसम ने तैयार खड़ी फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। कई इलाकों में तेज हवा और बारिश के कारण गेहूं की फसल खेतों में गिर गई और झुक गई, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।

महीनों की मेहनत के बाद जब फसल तैयार हुई थी, उसी समय आई इस बेमौसम बारिश ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। साथ ही, तापमान में भी करीब 8 से 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। किसानों का कहना है कि फसल तैयार होने तक उन्हें लगातार कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है—कभी छुट्टा पशुओं से, तो कभी मौसम की मार से।

बारिश के कारण गेहूं की बालियां काली पड़ने लगी हैं। कई जगहों पर फसल की कटाई पूरी हो चुकी है, लेकिन खेतों में खड़ी बाकी फसल अभी भी प्रभावित हो रही है। गीडा क्षेत्र में कंबाइन मशीनें तो खेतों में मौजूद हैं, लेकिन खराब मौसम के कारण कटाई का काम बाधित हो रहा है। किसान अपनी फसल को बचाने के लिए परेशान नजर आ रहे हैं और मौसम के साफ होने की उम्मीद कर रहे हैं।

किसानों ने बताया कि बारिश के चलते कटी हुई फसल भी भीग गई है, जिसे सुखाना जरूरी हो गया है। अगर सही तरीके से सूख नहीं पाती, तो अनाज काला पड़ने का खतरा रहता है, जिससे नुकसान और बढ़ सकता है।

इस स्थिति को देखते हुए प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। एडीएम (वित्त एवं राजस्व) और आपदा प्रभारी विनीत कुमार सिंह ने किसानों को सलाह दी है कि जिनकी फसल तैयार है, वे उसे जल्द से जल्द काटकर सुरक्षित स्थान पर रख लें। साथ ही, प्रशासन की ओर से बताया गया है कि जिन किसानों की फसल को नुकसान हुआ है, उनका राजस्व विभाग द्वारा सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे के बाद प्रभावित किसानों को सरकार की ओर से मुआवजा दिया जाएगा।

Check Also

बंगाल की खाड़ी और पश्चिमी विक्षोभ से बदले हालात, Uttar Pradesh-Bihar में 72 घंटे का अलर्ट; Delhi समेत उत्तर भारत सतर्क

देशभर में इन दिनों मौसम ने अचानक करवट ले ली है। कई इलाकों में घने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *