ऑनलाइन बुकिंग अनिवार्य: कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया, लक्ष्य की सीमा तक ही मान्य होगी बुकिंग।
बंपर छूट का लाभ: चना, मटर, मसूर, राई/सरसों और अलसी के मिनीकिट्स के साथ उन्नतशील बीजों पर मिल रहा है 50% से 100% तक का अनुदान।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के किसानों की आय बढ़ाने और कृषि विकास को गति देने के लिए रबी सत्र 2026-27 के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण योजना शुरू की गई है। इसके तहत किसानों को निःशुल्क बीज मिनीकिट वितरण के साथ-साथ अनुदान पर उन्नतशील बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट (agri.up.gov.in) पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग करना अनिवार्य किया गया है।
किस फसल के कितने मिनीकिट हैं उपलब्ध?
विभागीय योजना के अंतर्गत प्रदेशभर में फसलों के हिसाब से निम्नलिखित निःशुल्क मिनीकिट वितरित किए जा रहे हैं:
राई / सरसों: 4,95,578 मिनीकिट
मसूर: 1,09,700 मिनीकिट
चना: 84,506 मिनीकिट
अलसी: 30,000 मिनीकिट
मटर: 15,268 मिनीकिट
बीजों पर मिलने वाला विशेष अनुदान:
निःशुल्क मिनीकिट के अलावा दलहन की विशेष योजना के तहत किसानों को बंपर छूट दी जा रही है:
मसूर (8 वर्ष से कम अवधि के बीज): शत-प्रतिशत (100%) अनुदान।
चना एवं मटर के बीज: 75 प्रतिशत तक का अनुदान।
गेहूं, जौ एवं राई/सरसों की उन्नतशील प्रजातियां: 50 प्रतिशत तक का अनुदान।
आवेदन करने का तरीका और जरूरी निर्देश:
सभी प्रकार की बुकिंग निर्धारित लक्ष्य की सीमा तक ही मान्य होगी, इसलिए सभी कृषक जल्द से जल्द विभागीय पोर्टल पर जाएं।
पोर्टल पर किसान पंजीकरण संख्या और मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी (OTP) के माध्यम से लॉग-इन करके अपनी आवश्यकतानुसार फसल मिनीकिट या बीज का चयन कर आवेदन पूरा किया जा सकता है।
यदि ऑनलाइन बुकिंग में कोई समस्या आती है, तो किसान अपने नजदीकी कृषि विभाग के कार्यालय, बीज भंडार, जन सेवा केंद्र (CSC) या कृषि विभाग के क्षेत्रीय कार्मिक से संपर्क करके भी सहायता ले सकते हैं।
Aaina Express