Breaking News

ट्रेडिंग निवेश के नाम पर 7 लाख की धोखाधड़ी, सहारनपुर में तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

सहारनपुर: जिले के सदर बाजार क्षेत्र में ट्रेडिंग फर्म में निवेश के नाम पर 7 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि अधिक मुनाफे का लालच देकर निवेश कराया गया, लेकिन बाद में रकम वापस नहीं की गई। पैसे मांगने पर जान से मारने और अपहरण की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, अंकित विहार कॉलोनी निवासी आकाश जैन ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को दी शिकायत में बताया कि जनक नगर, देहरादून चौक निवासी मेहूल गुप्ता, पुनीत त्यागी और अभिनव गुप्ता ने उन्हें अपनी ट्रेडिंग फर्म में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। आरोप है कि निवेश पर हर महीने 5 प्रतिशत रिटर्न और मूलधन पूरी तरह सुरक्षित रहने का भरोसा दिया गया।

शिकायत के मुताबिक, इन दावों पर भरोसा करते हुए आकाश जैन ने अपने मित्र मनोज कुमार सैनी के साथ मिलकर कुल 7 लाख रुपये निवेश कर दिए। कुछ समय बाद जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि मुख्य आरोपी ने फोन उठाना भी बंद कर दिया, जबकि अन्य लोगों ने पूरी रकम उसके पास होने की बात कही।

आकाश जैन ने बताया कि इस मामले में उन्होंने 10 सितंबर 2024 को एसएसपी से शिकायत की थी। इसके बाद सीओ स्तर पर जांच हुई और 19 सितंबर 2024 को दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया। समझौते के अनुसार, नवंबर 2024 से 10 महीने तक हर माह 20-20 हजार रुपये और जुलाई 2025 में शेष 5 लाख रुपये लौटाने पर सहमति बनी थी।

पीड़ित का आरोप है कि समझौते के बावजूद उन्हें केवल 12 हजार रुपये ही मिले। इसके बाद जब उन्होंने बाकी रकम की मांग की तो आरोपियों ने भुगतान से इनकार कर दिया और कथित तौर पर अपहरण व जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने पुलिस कार्रवाई की परवाह न करने की बात कही।

पीड़ित का कहना है कि इस घटना के कारण वह आर्थिक संकट में आ गया है और मानसिक तनाव का सामना कर रहा है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Check Also

मानसून ने बढ़ाई यूपी की मुश्किलें, 69 जिलों में बारिश का अलर्ट; मंदिर गिरा, मकान ढहने से 5 लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। सोमवार सुबह से …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *