Breaking News

संभल में मौसम की मार, गेहूं-मसूर की फसल चौपट; गर्मी 38°C, AQI 134


संभल जिले में बेमौसम बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। 20 मार्च को हुई बारिश से गेहूं, मसूर और लेटा की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। जिन खेतों में फसल कटाई के लिए तैयार थी, वहां लगभग 60 प्रतिशत तक नुकसान की बात सामने आ रही है। किसानों का कहना है कि अगर कुछ दिन और मौसम साफ रहता तो वे आसानी से फसल काट लेते।

चंदौसी तहसील के रचैटा गांव के किसान मेहमद हसन के अनुसार, इस बार गेहूं की फसल अच्छी दिख रही थी, लेकिन बारिश के चलते उत्पादन आधा रह गया। जहां एक बीघा में करीब 2 क्विंटल गेहूं मिलने की उम्मीद थी, अब मुश्किल से 1 से 1.25 क्विंटल ही मिल पाएगा। वहीं मसूर की फसल लगभग पूरी तरह खराब हो गई है, जबकि लेटा को भी काफी नुकसान हुआ है।

मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। सुबह के समय तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन में इसके 38 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। जिले का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 134 रिकॉर्ड किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर से रात तक बादल छाए रह सकते हैं और शाम के समय तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना भी बनी हुई है।

मंगलवार शाम को भी तेज हवाएं चलीं और हल्की बूंदाबांदी हुई, जबकि दिन में तेज धूप के कारण गर्मी बढ़ गई। बदलते मौसम का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। अस्पतालों में बुखार, खांसी और जुकाम से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ रही है, खासकर छोटे बच्चों में संक्रमण के मामले ज्यादा देखे जा रहे हैं।

हालांकि परिवहन व्यवस्था सामान्य बनी हुई है। चंदौसी जंक्शन से लखनऊ जाने वाली ट्रेनें और बरेली-अलीगढ़ रूट की पैसेंजर ट्रेनें समय पर चल रही हैं। रोडवेज बसों का संचालन भी सुचारु रूप से जारी है, जिससे यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो रही है।

Check Also

अलीगंज अग्निकांड: विवादित इमारत पर आज आएगा बड़ा फैसला, एलडीए तय करेगा ध्वस्तीकरण होगा या नहीं

लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड के बाद विवादों में आई व्यावसायिक इमारत …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *