हरदोई जिले के टोडरपुर ब्लॉक की औडेरी ग्राम पंचायत की महिला प्रधान ज्योत्स्ना द्विवेदी को उनके उत्कृष्ट विकास कार्यों के लिए राजधानी दिल्ली में सम्मानित किया गया। पंचायत क्षेत्र में बेहतर प्रशासन और विकास कार्यों के कारण औडेरी को मॉडल ग्राम पंचायत के रूप में विकसित करने में उनकी अहम भूमिका रही है।
ज्योत्स्ना द्विवेदी ने अपने कार्यकाल के दौरान स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, सड़कों के निर्माण, प्रकाश व्यवस्था और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया। उनके प्रयासों से ग्राम पंचायत में बुनियादी सुविधाओं में काफी सुधार हुआ है और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिलने लगी हैं।
ग्राम पंचायत में किए गए उल्लेखनीय विकास कार्यों के चलते औडेरी को मुख्यमंत्री ग्राम पंचायत पुरस्कार के तहत 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि भी मिल चुकी है। अब दिल्ली में मिला सम्मान न केवल ग्राम प्रधान बल्कि पूरे जिले और प्रदेश के लिए गर्व की बात माना जा रहा है।
जिला पंचायत राज अधिकारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि पंचायत में किए गए विकास कार्यों और नवाचारों को देखते हुए यह सम्मान दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि से अन्य ग्राम पंचायतों को भी प्रेरणा मिलेगी और ग्रामीण विकास को नई दिशा मिलेगी।
Aaina Express
