खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव के बीच एलपीजी आपूर्ति को लेकर लोगों में चिंता बढ़ने लगी है। इसके चलते बड़ी संख्या में लोग गैस सिलेंडर बुक कराने के लिए कॉल कर रहे हैं, जिससे बुकिंग के मोबाइल नंबर लगातार व्यस्त रहने और कॉल कनेक्ट न होने की समस्या सामने आ रही है।
स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने गौतमबुद्ध नगर के निवासियों से अपील की है कि वे घबराहट में अनावश्यक बुकिंग न करें और गैस कंपनियों द्वारा उपलब्ध कराए गए वैकल्पिक माध्यमों का इस्तेमाल करें।
गैस बुकिंग के लिए कई डिजिटल और फोन आधारित विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें व्हाट्सएप बुकिंग के लिए 7588888824, मिस्ड कॉल के माध्यम से बुकिंग के लिए 8454955555 और एसएमएस या वीआरएस बुकिंग के लिए 7718955555 नंबर जारी किए गए हैं। इसके अलावा उपभोक्ता इंडियन ऑयल वन ऐप, भारत बिल पेमेंट सिस्टम और आधिकारिक पोर्टल https://cx.indianoil.in के जरिए भी गैस सिलेंडर की बुकिंग कर सकते हैं।
पिछले दो दिनों से बुकिंग के बावजूद कई लोगों को गैस सिलेंडर मिलने में परेशानी हो रही है। गैस एजेंसियों पर सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं और कई उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
प्रशासन का कहना है कि अधिक कॉल के कारण एजेंसियों के नंबर व्यस्त हो रहे हैं, इसलिए लोगों से अनुरोध है कि वे जारी किए गए वैकल्पिक माध्यमों का उपयोग करें, जिससे गैस बुकिंग की प्रक्रिया आसान और सुचारु रूप से जारी रह सके।
Aaina Express
