रसोई गैस की सप्लाई में आ रही दिक्कतों ने देश के कई शहरों में आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। गैस सिलेंडर की कमी और बुकिंग से जुड़ी तकनीकी समस्याओं के कारण लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। कई जगह हालात ऐसे हैं कि लोग अपने कामकाज छोड़कर गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों में खड़े होने को मजबूर हैं।
राजधानी देहरादून में पिछले कुछ दिनों से रसोई गैस की किल्लत देखने को मिल रही है। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस बुकिंग के लिए बार-बार फोन करने के बावजूद कॉल कनेक्ट नहीं हो पा रही है। जिन लोगों की बुकिंग किसी तरह हो भी जाती है, उनके घर तक सिलेंडर पहुंचने में एक हफ्ते से ज्यादा समय लग रहा है।
स्थानीय निवासी अशोक ने बताया कि उन्होंने 5 तारीख को गैस बुक कराई थी, लेकिन एक हफ्ता गुजर जाने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिला। उनका कहना है कि घर में गैस खत्म होने वाली है, लेकिन एजेंसी से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है। इससे परिवार को खाना बनाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वाराणसी में भी गैस बुकिंग और डिलीवरी को लेकर लोगों की शिकायतें सामने आ रही हैं। पांडेपुर के रहने वाले दिनेश दीक्षित ने बताया कि उन्होंने कई बार कॉल करने के बाद गैस बुक की। अगले दिन उन्हें बुकिंग कन्फर्म होने का मैसेज मिला, लेकिन एजेंसी पहुंचने पर सिलेंडर नहीं दिया गया। इतना ही नहीं, उनके मोबाइल पर डिलीवरी का मैसेज भी आ गया, जबकि उन्हें अभी तक सिलेंडर नहीं मिला है।
इसी तरह हुकूलगंज के निवासी आलोक कुमार विश्वकर्मा का कहना है कि उनके परिवार को करीब 18 से 20 दिन में एक सिलेंडर की जरूरत पड़ती है, लेकिन अब नियम के मुताबिक 25 दिन के अंतराल के बाद ही बुकिंग हो पा रही है। उन्होंने बताया कि बुकिंग किए तीन दिन हो चुके हैं, लेकिन अभी तक सिलेंडर नहीं मिला, जिससे घर में काफी दिक्कत हो रही है।
पटना में प्रशासन का दावा है कि घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है और ब्लैक मार्केटिंग करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस बुकिंग के लिए दिया गया टोल फ्री नंबर अक्सर काम नहीं करता। कई लोगों ने बताया कि नंबर मिलाने के बावजूद कॉल कनेक्ट नहीं हो रही, जिससे उन्हें बुकिंग कराने में परेशानी हो रही है।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भी रसोई गैस को लेकर लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस बुकिंग करने के बाद भी समय पर डिलीवरी नहीं हो रही है। वहीं कुछ लोग बुकिंग न हो पाने की समस्या से जूझ रहे हैं, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।
जयपुर में भी गैस सिलेंडर बुकिंग को लेकर सर्वर से जुड़ी दिक्कतें सामने आई हैं। पिछले कुछ दिनों से नई बुकिंग नहीं हो पा रही है और हेल्पलाइन नंबरों पर भी ठीक से जवाब नहीं मिल रहा। उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसियों की ओर से बुकिंग नियमों को लेकर अलग-अलग जानकारी दी जा रही है, जिससे भ्रम की स्थिति बनी हुई है।
लगातार बढ़ती शिकायतों के बीच लोगों की मांग है कि गैस वितरण व्यवस्था को जल्द सुधारा जाए, बुकिंग सिस्टम को दुरुस्त किया जाए और ब्लैक मार्केटिंग पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके। फिलहाल कई शहरों में लोग गैस सिलेंडर के इंतजार में परेशान नजर आ रहे हैं।
Aaina Express
